बलूचिस्तान गृहमंत्री का रॉ एजेंट को गिरफ्तार करने का दावा

images(41)

पाकिस्तानी सुरक्षा बलों ने दावा किया है कि उन्होंने बलूचिस्तान में एक भारतीय जासूस को गिरफ्तार किया है। पाकिस्तानी मीडिया रिपोर्ट में कहा गया है कि गिरफ्तार शख्स भारतीय नौसेना का अधिकारी था, जिसे भारतीय खुफिया एजेंसी रॉ ने बलूचिस्तान में तैनात किया था। उस पर स्थानीय अलगाववादी लड़ाकों की मदद करने का भी आरोप लगाया गया है।

‘डॉन’ अखबार की वेबसाइट ने बलूचिस्तान के गृह मंत्री मीर सरफराज बुगती के हवाले से लिखा है, ‘एक भारतीय जासूस को दक्षि‍णी बलूचिस्तान प्रांत से गिरफ्तार किया गया है। जबकि भारत ने अभी इस गिरफ्तारी पर कोई प्रतिक्रिया नहीं दी है।

मीर बुगती ने यह भी दावा किया है कि गिरफ्तार ‘जासूस’ बलूचिस्तान में आतंकी गतिविधियों को बढ़ावा दे रहा था। खबरों के मुताबिक, गिरफ्तार शख्स की पहचान भूषण यादव के रूप में की गई है।

एक पाकिस्तानी सुरक्षा अधिकारी ने ‘डॉन’ को बताया, ‘रॉ अधि‍कारी को पूछताछ के लिए इस्लामाबाद ले जाया गया है। अधि‍कारी ने बताया कि गिरफ्तार भारतीय नागरिक पर बलूचिस्तान में आतंकवाद के विभिन्न कार्यों और अन्य विध्वंसक गतिविधियों में शामिल होने का संदेह किया गया है. यही नहीं, यह भी आरोप लगाए गए हैं कि भूषण कराची में आतंकवादी हमलों और गतिविधि‍यों में शामिल रहा है।