बिसाहड़ा कांड:सरताज को मिली दिल्ली में तैनाती,दानिश घर लौटा

दादरी:बिसाहड़ा कांड में गंभीर रूप से घायल हुआ दानिश अपने घर लौट आया है। वह परिवार के साथ दिल्ली के सुब्रतो पार्क में रह रहा है। वहीं, परिवार की देखरेख के लिए अखलाख के बड़े बेटे सरताज को दिल्ली में ही तैनाती दे दी गई है।

सरताज वायु सेना में कॉरपोरल है। बिसाहड़ा में 28 सितंबर की रात भीड़ ने अखलाक के घर पर हमला कर दिया था जिसमें अखलाक की मौत हो गई थी। छोटा बेटा दानिश गंभीर रूप से घायल हो गया था। दानिश का इलाज पहले नोएडा के कैलाश अस्पताल में चल रहा था।

11 अक्तूबर को परिवार की रज़ामंदी पर उसे दिल्ली के वायु सेना अस्पताल में रेफर कर दिया गया था। अब वह पूरी तरह स्वस्थ है।

जिलाधिकारी नागेंद्र प्रसाद सिंह ने बताया कि दानिश को वायु सेना अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है। वह पूरे परिवार के साथ सुब्रतो पार्क में रह रहा है। वहां वायु सेना ने परिवार को घर अलाट किया है।