बिहार: ब्राह्मण के हाथों में कांग्रेस की कमान, मदन मोहन झा को प्रदेश अध्यक्ष बनाया!

देश में इन दिनों सवर्ण आंदोलन को लेकर सियासत तेज है। इस सबके बीच कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी ने बिहार कांग्रेस की कमान एक ब्राह्मण नेता मदन मोहन झा के हाथों सौंप दी है।

इससे पहले भी वर्षों से अपनी पार्टी के लिए लगातार काम करते आ रहे कांग्रेस प्रवक्ता प्रेमचंद्र मिश्रा को एमएलसी बनाकर कुछ तो संकेत देने की कोशिश की गई है।

हाल ही में हुए इन दो राजनीतिक घटनाक्रम से तो यही प्रतीत हो रहा है कि कांग्रेस अपने खोए हुए जनाधार की तरफ लौटने की कोशिश करती दिख रही है।

बिहार के ब्रह्मण वोटरों की संख्या तकरीबन आठ प्रतिशत है। शुरुआती दौर में कांग्रेस को ब्रह्मणों का समर्थन प्राप्त था, लेकिन भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) के उदय के साथ ही इस समूह पर पकड़ कमजोर पड़ गई।

कमजोर होती कांग्रेस और लालू यादव के सियासी उदय के बीच ब्राह्मणों ने बीजेपी को अपना समर्थन देना शुरू कर दिया। कांग्रेस ने दोनों नेताओं की नियुक्ति कर बीजेपी के उस आठ प्रतिशत वोट बैंक को तोड़ने की कोशिश करती दिख रही है जो फिलहाल उससे दूरी बनाए हुए हैं।