बिहार में बीजेपी का यादव कार्ड, नित्यानंद राय को बनाया प्रदेश अध्यक्ष

पटन। बिहार के उजियारपुर लोकसभा सीट से भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) के सांसद नित्यानंद राय बिहार प्रदेश भाजपा के अध्यक्ष बनाये गये हैं। वे निवर्तमान अध्यक्ष मंगल पांडेय की जगह लेंगे। 2014 की लोकसभा चुनाव में बिहार के उजियारपुर से नित्यानंद राय ने चुनाव जीता है। नित्यानंद राय का पैतृक घर हाजीपुर सदर प्रखंड के कर्णपुरा में स्थित है। इससे पहले वह तीन बार हाजीपुर विधानसभा क्षेत्र से प्रतिनिधित्व कर चुके हैं।

नित्यानंद राय को प्रदेश अध्यक्ष बनाने का एलान महासचिव अरुण सिंह ने प्रेस बयान जारी कर किया। उक्त प्रेस बयान में लिखा है कि राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ने नित्यानंद राय को बिहार प्रदेश भाजपा का अध्यक्ष नियुक्त किया है, यह फैसला तत्काल प्रभाव से लागू होगा। बिहार प्रदेश भाजपा में नित्यानंद राय का कद ऊंचा बताया जाता है।

एक जनवरी को जन्मे नित्यानंद राय के लिए हाइकमान की ओर यह जिम्मेवारी मिलना एक तरह से बर्थडे का एडवासं गिफ्ट है। हालांकि बिहार में जदयू व राजद के राजनीतिक वर्चस्व को देखते हुए नित्यानंद राय के लिए यह जिम्मेवारी काफी चुनौती भरी है।

इस समय भाजपा आलाकमान द्वारा प्रदेश इकाई की कमान नित्यानंद राय के हाथ में सौंपा जाना बिहार की वर्तमान राजनीति के लिए मायने रखता है। राजनीतिक हलकों में इस बात की चर्चा शुरू हो गयी है कि पार्टी के आलाकमान ने नित्यानंद राय को कमान देकर एक तीर से कई निशाना साधने का प्रयास किया है।

एक तो नित्यानंद राय यादव जाति से हैं और वे राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव के गढ़ वैशाली से ही आते हैं, जहां से उनके दोनों पुत्र तेजस्वी व तेज प्रताप विधायक हैं। खुद लालू व राबड़ी इस जिले से निर्वाचित होते रहे हैं।