बिहार में रणवीर सेना के पूर्व कमांडर सहित 3 की हत्या

सासाराम : रणवीर सेना के पूर्व कमांडर धनजी सिंह और उसके दो सहयोगियों  को  बिहार के रोहतास जिले में गोली मारकर हत्या कर दी गई।  हत्या के सटीक कारणों का अब तक पुलिस पता नहीं लगा पाई है।

पुलिस के मुताबिक धनजी सिंह रात को अपने आठ से 10 लोगों के साथ अपनी स्कॉर्पियो पर सवार होकर शाहपुर गांव से अमरातलाब की ओर जा रहे थे कि तभी दुर्गापुर गांव की सोन उच्चस्तरीय नहर के पास एक अन्य अपराधिक गिरोह के लोगों ने गोलीबारी शुरू कर दी। इस दौरान दोनों ओर से गोली चली। इस घटना में धनजी सिंह सहित भोजपुर के रहने वाले मंटू सिंह और नोखा क्षेत्र के निवासी शशिकांत तिवारी उर्फ शशि बाबा की मौत हो गई।

इस घटना के पीछे दो अपराधिक गिरोहों के वर्चस्व की लड़ाई की आशंका है। पुलिस ने तीनों शवों को बरामद कर लिया है व पूरे मामले की छानबीन शुरू कर दी है।

मृतक धनजी नोखा क्षेत्र से बिहार विधानसभा चुनाव भी लड़ चुका था। हालांकि चुनाव में धनजी हार गया था। नोखा के रहने वाले धनजी कई अपराधिक घटनाओं में कई बार जेल भी जा चुका था।