लखनऊ ।उत्तर प्रदेश के पूर्व कैबिनेट मंत्री और सपा नेता आजम खान सेना पर बेहद आपत्तिजनक बयान देकर फंस गए हैं। अब आजम खान ने अपने बचाव में कहा है कि मैंने सेना पर रेप का आरोप नहीं लगाया है।मेरे बयान को गलत तरीके से लिया गया है।
मैंने अखबार में छपी खबरों के आधार पर अपनी बात रखी। गौरतलब है कि हाल ही में छत्तीसगढ़ के सुकमा में हुए नक्सली हमलों में शहीद सुरक्षाकर्मियों के प्राइवेट पार्ट्स काटे जाने की खबरें सामने आई थीं।
आजम खान ने कहा कि देश का दलित-मुसलमान परेशान है। मैं फासीवादी ताकतों का आइटम गर्ल बन गया हूं। बीजेपी के लिए मैं नफरत का एजेंडा हूं।
मेरे खिलाफ नफरत फैलाकर बीजेपी को वोट मिलते हैं। मुझसे प्यार कीजिए, नफरत मत कीजिए। मैं बच्चों को पढ़ाता हूं, यूनिवर्सिटी चलाता हूं। मैंने मेडिकल कॉलेज बनाया है। छोटे घर में रहता हूं। मेरा काम देखिए।
दरअसल आजम खान ने कहा था कि कश्मीर में जवानों को महिलाओं ने पीटा है। उन्होंने कहा कि कश्मीर में महिलाओं ने फौजियों के अंग काट लिए। असम और झारखंड में भी महिलाओं ने फौजियों को पीटा है।
उन्होंने कहा कि मोदी राज में देश राह से भटक गया है। देश बैलेट की जगह बुलेट के मार्ग पर चल पड़ा है, जिसका परिणाम सभी के सामने है।