बीजेपी नेताओं से विकास की बात करने पर गौत्र पुछती है, गहलोत ने दिया यह जवाब!

राजस्थान के चुनाव में अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी का गोत्र चाहे अनचाहे चुनावी मुद्दा बन चुका है। एक तरफ भारतीय जनता पार्टी है जो लगातार राहुल गांधी पर गोत्र की राजनीति करने का आरोप लगा रही है। वहीं दूसरी तरफ कांग्रेस की तरफ से पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने गोत्र मुद्दे पर भाजपा पर जवाबी हमला किया।

अशोक गहलोत ने आरोप लगाया कि राजनीति में किस नेता का क्या गोत्र है यह मायने नहीं रखता लेकिन भारतीय जनता पार्टी ने अपने शासनकाल में राजस्थान में विकास नहीं किया इसलिए वह राहुल गांधी की गोत्र को मुद्दा बना रही है।

गहलोत ने कहा कि अगर जनता ने भाजपा नेताओं का गोत्र पूछना शुरू किया तो भाजपा परेशान हो जाएगी भीलवाड़ा के गुलाबपुरा में जनसभा को संबोधित कर रहे गहलोत ने भाजपा पर गंदी राजनीति करने का आरोप भी लगाया और कहा कि कांग्रेस के शासनकाल में जो बड़े विकास के काम प्रगति पर थे भाजपा ने सत्ता में आते ही उन सभी कामों को रोक दिया।

गहलोत ने आरोप लगाया कि भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह राजस्थान में अपने कार्यकर्ताओं के माध्यम से गुंडागर्दी करना चाहते हैं। गहलोत के अनुसार अमित शाह ने अपने कार्यकर्ताओं को निर्देश दिए हैं कि चुनाव प्रचार करने आए कांग्रेस नेताओं की गिरेबान पर हाथ डालकर उन्हें प्रचार से रोक दिया जाए।

गहलोत का कहना था कि यह अमित शाह की सरासर गुंडागर्दी है जिसका जवाब कांग्रेस नहीं बल्कि प्रदेश की जनता आगामी 7 दिसंबर को कांग्रेस के पक्ष में मतदान करके देगी। गहलोत ने दावा किया कि राजस्थान में कांग्रेस के पक्ष में माहौल है और कांग्रेस सरकार बनाने जा रही है जिसे अब कोई नहीं रोक सकता।

जनसभा में पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने आरोप लगाया कि भाजपा केवल जुमलों के माध्यम से चुनाव जीतना चाहती है लेकिन अब जनता समझदार हो चुकी है भाजपा के जुमले अब जनता को समझ में आने लगे हैं और यही वजह है कि अब वापस जुमलों की सरकार राजस्थान में नहीं बन पाएगी।

साभार- ‘ज़ी न्यूज़’