बीजेपी ने दी धमकी- ‘TMC के नेता जो भाजपा नहीं आयेंगे वो जेल जायेंगे’

कोलकाता। मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के इलाके में तृणमूल तुष्टीकरण छोड़ो का नारा देते हुए भाजपा ने सभा की। यह एलान किया कि दुर्गा पूजा तक तृणमूल कांग्रेस के कई दिग्गजों का ठिकाना होगा भाजपा होगी।

शनिवार को हाजरा में हुई सभा में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष दिलीप घोष ने कहा कि ममता बनर्जी भाजपा भारत छोड़ो का नारा दे रही हैं, जबकि बंगाल ही उनसे संभल नहीं रहा है।

उनकी पार्टी में भगदड़ का आलम है। त्रिपुरा से इसकी शुरुआत हो चुकी है। दुर्गा पूजा तक तृणमूल के कई दिग्गज नेता भाजपा में आ जायेंगे। जो नहीं आयेंगे, उनका नया ठिकाना होगा भुवनेश्वर जेल।

श्री घोष ने चेतावनी देते हुए कहा कि जो लोग तृणमूल नेताओं की शह पर भाजपा कार्यकर्ताओं पर हमला कर रहे हैं उन्हें भी पता होना चाहिए कि जब उनके नेता भुवनेश्वर जेल में होंगे या भाजपा में तो उनका क्या होगा। क्योंकि हमला करनेवालों को हमलोग छोड़ने वाले नहीं हैं। उनसे गिन-गिनकर बदला लिया जाएगा।

दिलीप घोष ने ममता बनर्जी पर कटाक्ष करते हुए कहा कि भाजपा को भारत से खदेड़ने की बात करने वाली नेता को यह अच्छी तरह पता है कि उनकी पार्टी के अत्याचार और उनकी तुष्टीकरण की नीति से परेशान पश्चिम बंगाल के लोग उनकी विदाई का मन बना लिये हैं।

यही वजह है कि ममता अब सुरक्षित आशियाने की तलाश में हैं। वह सोनिया गांधी की शरण में जा रही हैं। भाजपा के खिलाफ विरोधी दलों को लामबंद करने का सपना देख रही हैं। उनका हश्र भी नोटबंदी के फैसले का विरोध करने जैसा ही होगा।

मुकुल और शुभेंदु अधिकारी के भाजपा में जाने की अटकलबाजी को हवा देते हुए दिलीप घोष ने कहा कि जिस नंदीग्राम यानि मेदिनीपुर ने उन्हें (ममता) सत्ता में आने का रास्ता दिखाया था वहीं मेदिनीपुर उनको सत्ता से विदा होने का रास्ता भी दिखायेगा।

ममता बनर्जी की उलटी गिनती शुरू हो गयी है. वह दिन दूर नहीं है जब बंगाल के लोग की गर्जना से कालीघाट के टालीबाड़ी की टाली टूटने लगेगी। इसके लिए बस छह महीने का इंतजार करना होगा।