बीजेपी विधायक ने दिया विवादित बयान, कहा: ‘हिंदू युवा लव जिहाद का जवाब लव क्रांति से दें!’

हरिद्वार जिले में लक्सर से भाजपा विधायक संजय गुप्ता ने एक बार फिर विवादित बयान दिया है। भाजपा विधायक ने कहा कि हिंदू युवा लव जिहाद का जवाब लव क्रांति से दें।

भाजपा विधायक संजय गुता ने लव जेहाद के बदले लव क्रांति अभियान शुरू करने का ऐलान किया है। उन्होंने कहा कि इसके लिए पांच सौ युवाओं की सेना तैयार कर ली गई है। इसी माह लक्सर में हिन्दू महा पंचायत के बाद अभियान शुरू होगा।

लक्सर देहात मंडल में भाजपा की ग्राम स्वराज यात्रा के दौरान उन्होंने केहड़ा गांव में यह बात कही। उन्होंने समुदाय विशेष पर लव जेहाद के तहत हिन्दू लड़कियों को फंसाकर उनसे शादी करने का ढोंग करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि इस सामना करने के लिए वे लक्सर से लव क्रांति अभियान शुरू करेंगे।

उन्होंने कहा कि लक्सर में हिन्दू महा पंचायत के लिए पांच सौ युवाओं की सेना तैयार कर दी गई है। यही युवा लव क्रांति अभियान की शुरूआत करेंगे। इस दौरान उनके साथ मौजूद भाजपा के प्रदेश महामंत्री नरेश बंसल ने कहा कि राफेल का सौदा कांग्रेस सरकार के समय में तय हुआ था लेकिन कांग्रेस नेता विक्रेता कंपनी से कमीशन तय करने में लगे रहे। इसी वजह से दस साल तक सौदे को रोककर रखा गया।

इस मौके पर राज सिंह, विनय गुप्ता, तेजूराम प्रधान, समय सिंह, महेंद्र धीमान, अंबरीष गर्ग, विपुल बंसल, मोहित वर्मा, डॉ. अजय गुप्ता, संदीप, पृथ्वी सिंह, श्रवण चौहान, धर्मेंद्र, संजीव, अशोक, योगेंद्र, अरविंद शर्मा, मुकेश धीमान, सूरजपाल, राजकुमार, दिग्विजय पसरीचा, आयुष, निखिल, हिमांशु, धर्मवीर, आशु आदि मौजूद रहे।