बीजेपी-शिवसेना इत्तेहाद का टूटना तय, अमित शाह का मुंबई दौरा रद्द

महाराष्ट्र में भाजपा और शिवसेना इत्तेहाद का टूटना तकरीबन तय हो गया है। ज़राये के मुताबिक भाजपा ने सीटों पर जो नया फॉर्मूला दिया है वो शिवसेना को मंजूर नहीं है। बुध के रोज़ रात तक चली बैठक से कुछ नतीजा निकलकर सामने नहीं आया। दोनों में छोटी पार्टियों को सीट देने पर पेंच फंसता दिख रहा है। शिवसेना 150 सीट से नीचे आने को अब भी तैयार होती नहीं दिख रही है।

दोनों पार्टियों में सीटों की अदला-बदली को लेकर भी बात नहीं बन पा रही है। इत्तेहाद की गांठ ढीली होने के बीच भाजपा के अमित शाह ने मुंबई दौरा रद्द कर दिया है। उन्हें आज मुंबई आना था। देर रात भाजपा की ओर से एक और प्रपोजल शिवसेना को दिया गया। इसमें शिवसेना को 147 सीट भाजपा देने को तैयार होती दिख रही है। वह अपने पास 127 सीट रखेगी जबकि छोटी पार्टियों को 14 सीट प्रपोजल में है।

ज़राये से मिली इत्तेला के मुताबिक शिवसेना ने इस प्रपोजल को भी नकार दिया है। महाराष्ट्र भाजपा सदर ओम माथुर ने कहा कि आज दोनों पार्टियों में फिर बात होगी जिसमें सीट और इत्तेहाद को लेकर बातचीत होगी।

आज शाम चार बजे तक दोनों पार्टियों के बीच कुछ ठोस निकलकर आने की उम्मीद है। वहीं भाजपा लीडर राजीव प्रताप रूढी ने कहा कि विधानसभा इंतेखाबात में छोटी पार्टियों को नजर अंदाज नहीं किया जा सकता है। लोकसभा इंतेखाबात में उन्होंने हमारा साथ दिया है तो हम उन्हें विधानसभा इंतेखाबात में कैसे छो़ड सकते हैं।

इससे पहले कल छोटी पार्टियों ने इत्तेहाद से अलग होने के संकेत दिये थे। महायुति में शामिल चार छोटी पार्टी इतने कम सीट पर मानते नहीं दिख रहे हैं। सीटों की तक्सीम के इस फैसले से रामदास आठवले की आरपीआई, राजू शेट्टी की स्वाभिमानी शेतकारी संगठन, महादेव जानकर की कौमी समाज पार्टी के इत्तेहाद से बाहर आने के इशारे से दोनों पार्टी सकते में हैं।