बेंगलूरू में 9.10 करोड़ पुराने नोट के साथ 14 लोग गिरफ्तार

बेंगलूरू। कर्नाटक विधान परिषद के पूर्व अध्यक्ष वीरणणा मत्तिकट्टी के दामाद समेत 14 लोगों को शनिवार की रात अमान्य करार दिए गए 9.10 करोड़ रुपये मूल्य के नोटों के साथ गिरफ्तार किया गया। बेंगलूरू सिटी के अपराध शाखा के सहायक पुलिस आयुक्त एच. एम. महादेवप्पा ने कहा कि एक गुप्त सूचना पर शहर के बेन्सन टाउन में एक घर की तलाशी ली और अमान्य 9.10 करोड़ रुपये की राशि के नोटों को बदलने के प्रयास में जुटे 14 लोगों को गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस ने गिरफ्तार लोगों के पास से 15 मोबाइल फोन, और 4 वाहन भी जब्त किए हैं। गिरफ्तार किए गए 14 में से 13 लोगों को अदालत के समक्ष पेश किया गया जहां न्यायाधीश ने उनको 14 दिनों की न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।

 

गिरफ्तार में से एक एडविन रोसरिओ को पूछताछ के लिए पुलिस हिरासत में लिया है। इन लोगों को भारतीय दंड संहिता की धारा 420 और दंड प्रक्रिया संहिता 41बी व विर्निष्ट बैंक नोट्स (देयताओं की समाप्ति) अधिनियम 2017 के तहत गिरफ्तार किया गया है।