बेगूसराय से चुनाव लड़ रहे कन्हैया कुमार के खिलाफ़ केस दर्ज, आचार संहिता उल्लंघन का है मामला!

जेएनयू छात्र संघ के पूर्व अध्यक्ष और भाकपा उम्मीदवार के तौर पर बेगूसराय सीट से लोकसभा चुनाव लड़ रहे कन्हैया कुमार मुसीबत में फंस गए हैं। उनके खिलाफ पुलिस ने एफआईआर दर्ज की है। दरअसल, कन्हैया कुमार के खिलाफ शुक्रवार को चुनाव आचार संहिता उल्लंघन का मामला दर्ज किया गया।

ज़ी न्यूज़ पर छपी खबर के अनुसार, थाना प्रभारी अरविंद कुमार ने बताया कि जन प्रतिनिधित्व अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत जिले के मंसूर चक पुलिस थाना में मामला दर्ज किया गया है।

उन्होंने बताया कि मंसूर चक प्रखंड विकास पदाधिकारी सह उड़न दस्ता मजिस्ट्रेट शत्रुघ्न रजक की शिकायत के आधार पर यह प्राथमिकी दर्ज की गयी है। कन्हैया ने गुरुवार को गांव में एक जनसभा को संबोधित किया था और इसके लिये उन्होंने संबंधित अधिकारी से अनुमति नहीं ली थी।

बता दें कि कन्हैया कुमार लोकसभा चुनाव को लेकर जनसंपर्क कर रहे हैं। उनकी मुश्किलें महागठबंधन की वजह से और बढ़ गई है। क्योंकि आरजेडी ने भी बेगूसराय सीट से उम्मीदवार की घोषणा कर दी है। अब उन्हें आरजेडी उम्मीदवार तनवीर हसन का भी सामना करना पड़ेगा।

वहीं, बीजेपी से गिरिराज सिंह उनके सामने पहले से ही खड़े हैं। बेगूसराय सीट पर गिरिराज सिंह टिकट दिया गया है। वह चुनाव की तैयारियों में जुट गए हैं। हालांकि बेगूसराय में त्रिकोणीय संघर्ष दिख रहा है जिससे बीजेपी को फायदा होता दिख रहा है। वहीं, कन्हैया कि मुश्किलें बढ़ गई है।