हैदराबाद। यहां के व्यस्त इलाके चारमीनार के पास एक मरीज बेहोश होकर गिर जाता है, पुलिस उसे अस्पताल ले जाने के बजाय थाने की सीमा के विवाद में उलझ जाती है फिर नतीजा उसकी मौत हो जाती है। यह घटना शुक्रवार को हुई है जब उसका शव डेढ़ घंटे उसी स्थान पर पड़ा रहा। मृतक की पत्नी के मुताबिक उसका 26 वर्षीय पति टीबी का मरीज था। वह इलाज के लिए अपने पति को चारमीनार स्थित एक क्लिनिक लेकर आई थी, उसी दौरान उसकी हालत बिगड़ने लगी।
महिला का पति चारमीनार पुलिस स्टेशन के पास ही बने टॉयलेट के पास बेहोश होकर गिर गया। महिला ने वहां खड़े लोगों से मदद की गुहार लगाई। किसी तरह वहां एंबुलेंस आई लेकिन अस्पताल कर्मचारियों ने पुलिस की अनुमति के बगैर मरीज को ले जाने से इनकार कर दिया। जिसके बाद वहां पहुंचे पुलिसकर्मी थाने की सीमा विवाद में उलझ गए। लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी। युवक ने दम तोड़ दिया था।
तकरीबन डेढ़ घंटे के विवाद के बाद आखिरकार मीर चौक पुलिस स्टेशन के पुलिसकर्मियों ने शव को उस्मानिया अस्पताल पहुंचाया। घटना के बाद पुलिस की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए स्थानीय लोगों में काफी आक्रोश दिखा।