बॉब डिलन को साहित्य का नोबेल देना लेखकों का अपमान है: रस्किन बॉण्ड

गुवाहाटी: अंग्रेजी भाषा के विश्वप्रसिद्ध लेखक रस्किन बॉण्ड ने सिंगर बॉब डिलन को नोबेल पुरस्कार देने के फैसले की आलोचना की है। उन्होंने कहा कि सिंगर बॉब डिलन को साहित्य का पुरस्कार देने का फैसला सही नहीं है। उन्होंने कहा कि साहित्य का नोबेल पुरस्कार बॉब डिलन को मिलना महान लेखकों का अपमान है।

रस्किन बॉण्ड ने गुवाहाटी में आयोजित ‘रिवर टॉक्स द नार्थईस्ट लिटरेरी’ फेस्टीवल में कहा कि डिलन एक बहुत अच्छे सिंगर हैं, लेकिन उन्हें साहित्य की श्रेणी में यह पुरस्कार देना उन महान लेखकों का अपमान है जिन्हें यह पुरस्कार अभी तक नहीं दिया गया है। रस्किन का कहना है कि डिलन मूल रूप से लेखक नहीं हैं और साहित्य का पुरस्कार उनको देना जायज लेखकों का अपमान करने जैसा है।

रस्किन मसूरी में रहते हैं और उन्होंने अब 500 से अधिक लघु कथा, निबंध और कई नॉवेल के साथ-साथ 50 से अधिक बच्चों की किताबें भी लिखी है। रस्किन को भारत सरकार पद्म भूषण से सम्मानित कर चुकी है।