मुल्क की दारुल हुकूमत दिल्ली में होने वाले विधानसभा इंतेखाबात में आम आदमी पार्टी अक्सरियत की हुकूमत बनाते हुए दिख रही है। दिल्ली में केजरीवाल दौड़ में सबसे आगे मौजूद हैं। हालही में न्यूज चैनल एबीपी और निल्सन के सर्वे में ये आंकड़े सामने आए हैं। सर्वे के मुताबिक आप को इंतेखाबात में 35 सीटें मिल रही हैं, जबकि दिल्ली में हुकूमत बनाने के लिए 36 सीटों की जरूरत है। इसके अलावा भाजपा को 29 और कांग्रेस को महज 6 सीटों पर सिमटती हुई दिख रही है।
इसके अलावा दिल्ली के 37 फीसदी लोगों ने आप को, 33 फीसद भाजपा और 18 फीसद लोगों ने कांग्रेस को पसंद किया है। इसके साथ ही पीएम मोदी की दिल्ली में मकबूलियत गिरती हुई दिख रही है। हालांकि, अभी वे मशहूर लीडरों की रेस में सबसे आगे हैं। मोदी को 46 फीसद, केजरीवाल को 43 फीसद, किरण बेदी को 6 फीसद और राहुल गांधी को 5 फीसद लोग पसंद कर रहे हैं।
जबकि दिल्ली के सीएम के तौर पर लोगों की पसंद पूछी गई तो 48 फीसद ने केजरीवाल के हिमायत में वोट दिया तो 42 फीसद ने किरन बेदी को पसंद किया। वहीं कांग्रेस के अजय माकन को सिर्फ सात फीसद लोगों ने पसंद किया। वहीं आप के वादों पर 56 फीसदी और भाजपा के वादों पर 52 फीसद लोगों ने भरोसा जताया है।
दिल्ली की 70 सीटों में से 35 सीटों पर यह सर्वे किया गया है। इस सर्वे में 6,396 लोगों से बातचीत की गई है, जिसकी बुनियाद पर आंकड़े जारी किए गए है।