भतीजे अखिलेश के बुआ मायावती के तैल चित्र से पर्दा उठाते ही खूब बजी तालियां

लखनऊ। बसपा और सपा में भले सियासी जंग चरम पर है, पर मुख्यमंत्री अखिलेश यादव अपनी मुहं बोली बुआ मायावती को किसी न किसी बहाने याद करना नहीं भूलते। आज शाम भी उन्होंने यह मौका जाने नहीं दिया। अवसर था यूपी विधान मंडल की गैलरी में अब तक के पूर्व मुख्यमंत्रियों और विधानसभा के पूर्व अध्यक्षों के तैल चित्रों के लोकार्पण का। अखिलेश यादव ने जैसे ही मायावती के आदमकद तैल चित्र पर से पर्दा उठाया जोरदार तालियों की आवाज़ से वातावरण गूँज उठा।
चित्रों के लोकार्पण समारोह में सपा मुखिया व पूर्व मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव, राष्ट्रीय लोकदल अध्यक्ष चौधरी अजित सिंह, यूपी विधानसभा के पूर्व अध्यक्ष और पश्चिम बंगाल के मौजूदा राज्यपाल केसरी नाथ त्रिपाठी भी उपस्थित रहे। पूर्व मुख्यमंत्रियों के तैल चित्रों में केंद्रीय गृह मंत्री राजनाथ का भी चित्र शामिल है। मुख्यमंत्री ने कहा कि रानीतिक प्रतिद्वंदत अपनी जगह है, पर वे अपनी बुआ को कभी बिसरा नहीं सकते।

लखनऊ से एम ए हाशमी