भाजपाईयों ने भाषाई गंदगी फैलाई है, अगर उसे रगड़कर साफ नहीं किया तो और कीचड़ फैलाएंगे: लालू यादव

नोटबंदी के बाद से ही राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव लगातार भाजपा और पीएम मोदी पर निशाना साध रहे हैं। सोशल साइट्स फेसबुक और ट्विटर पर आए दिन लालू यादव की पोस्ट चर्चा में रहती है।

हाल ही में उन्होंने ट्विटर से भाजपा समर्थकों को खदेड़ने की बात भी कही थी। बहरहाल, अब एक बार उन्होंने फिर ट्विटर पर भाजपा पर करारा वार किया है।

लालू यादव ने लिखा, “कीचड़ साफ करने के लिए कीचड़ में उतरना पड़ता है। भाजपाईयों ने जो भाषाई गंदगी फैलाई है, अगर उसे रगड़-रगड़कर साफ नहीं करेंगे तो ये ओर कीचड़ फैलाएंगे।” उन्होंने यह पोस्ट टीवी के वरिष्ठ पत्रकार राजदीप सरदेसाई की एक पोस्ट को री-ट्विट करते हुए लिखी।

दरअसल राजदीप सरदेसाई ने भाजपा अध्यक्ष अमित शाह का एक बयान शेयर किया था जिसमें वो कह रहे हैं कि यूपी को कसाब से मुक्ति चाहिए। कसाब का फुल फॉर्म बताते हुए अमित शाह कहते हैं कि का से कांग्रेस, स से सपा और ब से बसपा।