कच्छ। पुलिस ने 10 जनों के खिलाफ आईटी एक्ट के अंतर्गत मामला दर्ज किया है जिनमें 5 भारतीय जनता पार्टी के सक्रिय सदस्य हैं। इन पर 24 साल की एक महिला का अपहरण, बलात्कार और ब्लैकमेल करने का आरोप है। घटना कच्छ के नालिया तालुक की है। अहमदाबाद मिरर की रिपोर्ट के अनुसार इनमें भारतीय जनता पार्टी के जो पांच सक्रिय सदस्य हैं उनकी पहचान शांतिलाल सोलंकी, विपुल ठक्कर, आश्विन ठक्कर, गोविन्द और चेतन ठक्कर के तौर पर की गई है।
आरोपी स्थानीय बिल्डर और क्षेत्र में रियल एस्टेट एजेंट हैं, इन्होंने कथित तौर पर पीड़ित महिला को अपने ग्राहकों के लिए अनुरक्षक के रूप में काम करने के लिए मजबूर कर दिया ताकि एक व्यापार सुचारू रूप से चलता रहे। अपनी शिकायत में पीड़ित ने कहा कि आरोपियों ने उसके साथ बलात्कार किया, उसका यौन शोषण किया और इसकी फिल्म बना ली। बाद में वे उसको ब्लैकमेल करने लगे। यह भी आरोप लगाया है कि उसे भाजपा का एक सक्रिय सदस्य बनाने का वादा किया था तथा भाजपा के प्रशिक्षण सत्र के लिए एक पहचान कार्ड भी दिया था।
इस बीच, कच्छ भाजपा अध्यक्ष ने इस पूरे मामले पर चुप्पी साध ली है। उक्त महिला ने नालिया तालुक पुलिस थाने में प्रार्थमिकी दर्ज कराई थी कि 10 आरोपियों जिसमें भाजपा के 5 सक्रिय सदस्य हैं, ने उसका अपहरण कर बलात्कार किया और फिर फिल्म बनाकर ब्लैकमेल भी किया। उधर, पार्टी के जिला नेतृत्व ने कहा है कि यदि उनके खिलाफ आरोप साबित होते हैं तो इनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।