भाजपा गोवा और मणिपुर में लोकतंत्र को नजरअंदाज कर रही है: राहुल गांधी

नई दिल्ली। कांग्रेस के उपाध्यक्ष राहुल गांधी ने आज कहा कि भारतीय जनता पार्टी के साथ उनकी वैचारिक लड़ाई है, गोवा और मणिपुर में सत्ता पर कब्जा करने के लिए उसने जो प्रक्रिया अपनाई है, कांग्रेस उसी के खिलाफ लड़ रही है।

Facebook पे हमारे पेज को लाइक करने के लिए क्लिक करिये

न्यूज़ नेटवर्क समूह न्यूज़ 18 के अनुसार श्री गांधी ने यहां संवाददाताओं से बातचीत करते हुए कहा कि हाल ही में हुए पांच राज्यों के विधानसभा चुनाव में भाजपा ने दो और हमने तीन राज्यों में जीत हासिल की। दो राज्यों में भी हम सफल हुए थे लेकिन भाजपा ने लोकतंत्र को नजरअंदाज कर दिया है।

उन्होंने ट्विट करके भी कहा कि हमारी लड़ाई भाजपा की विचारधारा के खिलाफ है। मणिपुर और गोवा में भाजपा ने जो भी किया कांग्रेस इसी सिद्धांत के खिलाफ लड़ रही है।

राहुल गांधी का यह बयान गोवा में सबसे बड़ी पार्टी के रूप में कांग्रेस के उभर कर आने के बावजूद भाजपा को सरकार बनाने के लिए आमंत्रित किए जाने के बीच आया है। कांग्रेस राज्यपाल के इस फैसले के खिलाफ सुप्रीम कोर्ट में गई लेकिन अदालत ने भाजपा को सदन में बहुमत साबित करने के लिए कहा है।

वहीं, कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी के दामाद रॉबर्ट वाड्रा ने कहा है कि सत्ता पर काबिज होने की भारतीय जनता पार्टी की भूख देश में लोकतांत्रिक व्यवस्था के लिए खतरनाक होगा। श्री वाड्रा ने गोवा में सरकार बनाने को लेकर भाजपा द्वारा की जा रही कोशिश पर कड़ी टिप्पणी करते हुए फेसबुक पर लिखा है कि गोवा में सार्वजनिक राय को खारिज करके भाजपा सरकार बनाने के लिए जो हथकंडे अपना रही है वह संवैधानिक व्यवस्था के खिलाफ है।

उन्होंने कहा कि केवल गोवा ही नहीं बल्कि मणिपुर में भी भाजपा यही कर रही है जबकि इन दोनों ही राज्यों में कांग्रेस सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी है। ऐसे में सरकार बनाने का मौका उसे दिया जाना चाहिए लेकिन भाजपा जनमत को नज़रअंदाज़ कर खुद सत्ता पर काबिज होने की कोशिश कर रही है।