भाजपा नेता से बरामद हुए 2000 के 926 नोट, पार्टी ने सस्पेंड किया

चेन्नई : भारतीय जनता पार्टी के स्थानीय नेता से सेलम जिले की हस्तमपट्टी पुलिस ने 2000 के 926  नोट समेत 20 लाख 55 हजार रुपए बरामद किए हैं| पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से  उनको पार्टी की प्रदेश इकाई की अध्यक्ष डा. तमिलइसै सौंदरराजन ने बर्खास्त कर दिया है |

सेलम जिला युवा इकाई के जिला प्रभारी अरुण कुमार से यह राशि पुलिस ने 26  नवंबर को वाहनों की जांच के दौरान बरामद की है | पुलिस को उनकी गाड़ी से 2000 रुपए के 926 , 100 रुपए के 1530 और 50 रुपए के 1000 नोट मिले हैं | ये नोट ज़ब्त करके इंकम टैक्स डिपार्टमेंट को दे दी गयी है | ये राशि खजाने में जमा करा दी है | भाजपा नेता ज़ब्त की गयी राशि के बारे में कोई उचित जवाब नहीं दे सके हैं |

भाजपा प्रदेशाध्यक्ष ने कहा कि चाहे वे अपनी इस रकम का स्रोत बताने में कामयाब हो जाएं लेकिन भाजपा का लक्ष्य कालेधन का उन्मूलन है| उन्होंने बताया कि अरुण कुमार पार्टी की युवा इकाई के नेता थे | वह कई उद्यम चलाते हैं| भाजपा में शामिल होने से पहले वे पीएमके में थे|   उउन्होंने कहा कि युवा नेता के इस काम से पार्टी का नाम खराब हुआ है इसलिए अरुण कुमार को भाजपा की प्राथमिक सदस्यता से बर्खास्त किया जा रहा है |

गौरतलब है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा आठ नवंबर को नोटबंदी के ऐलान के बाद ही देश में कई जगहों पर बड़े पैमाने पर नए नोटों में नकद राशि बरामद हुई है |