भाजपा मुख्यालय पर कांग्रेस की महिला कार्यकर्ताओं का धरना

नई दिल्ली: रसोई गैस की कीमतों में वृद्धि के खिलाफ महिला कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने आज यहां भारतीय जनता पार्टी के मुख्यालय पर प्रदर्शन किया और सरकार के खिलाफ नारे लगाते हुए प्रतीकात्मक पुतला जलाया। महिला कांग्रेस अध्यक्ष शोभा ओझा के नेतृत्व में बड़ी संख्या में कांग्रेस की महिला कार्यकर्ता यहां अशोका रोड स्थित भाजपा मुख्यालय के सामने धरने पर बैठ गई

कांग्रेस कार्यकर्ता ” रोज-रोज दरें बढ़ाएंगे बोलो अच्छे दिन कब आएंगे ” और ” भाजपा हाय ” और ” भ्रष्टाचार की पालण हार, नरेंद्र मोदी सरकार”जैसे नारे लिखी तख़्तियाँ थामे हुए थे। उग्र महिलाओं ने वहां खड़ी बाधाओं को पार करने की कोशिश की लेकिन भारी पुलिस बल की मौजूदगी में उन्हें आगे बढ़ने का मौका नहीं मिला और बाद में प्रदर्शनकारियों ने सरकार का पुतला फूंक कर अपना विरोध किया।

महिला कांग्रेस ने सरकार के गैस सिलेंडर की कीमतों में कल किए गए वृद्धि के विरोध में यह प्रदर्शन किया। गौरतलब है कि सरकार ने दो दिन पहले ही रसोई गैस सिलेंडर की कीमत में 86 रुपये की बढ़ोतरी की थी। कांग्रेस का आरोप है कि इस फैसले से गरीब को गहरी चोट लगी है। उसका यह भी कहना है कि पिछले साल सितंबर में एक सिलेंडर की कीमत 486 रुपये थी जो अब बढ़कर 737 रुपये हो गई है।

पिछले सितंबर से सरकार रसोई गैस सिलेंडर की कीमत छह बार बढ़ा चुकी है और पिछले डेढ़ साल के दौरान इसकी कीमत में 271 रुपये की वृद्धि की गई है।