भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शांति वार्ता के पैरोकार नहीं हैं- परवेज़ मुशर्रफ़

पाकिस्तान के पूर्व राष्ट्रपति परवेज मुशर्रफ ने एक बार फिर भारत-पाक रिश्तों पर रटा-रटाया राग अलापा है। उन्होंने कहा कि उनके शासन काल में भारत-पाक रिश्ते शांति और मिलाप के रास्ते पर थे, लेकिन अब मामला ऐसा नहीं है। एक इंटरव्यू में मुशर्रफ ने यह भी कहा कि भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शांति वार्ता के पैरोकार नहीं हैं।

गौरतलब है कि मुशर्रफ इन दिनों देशद्रोह के मामले का सामना कर रहे हैं। वे पिछले साल इलाज के लिए पाकिस्तान से दुबई गए थे और तभी से वे दुबई में रह रहे हैं। मुशर्रफ ने भारत के परमाणु कार्यक्रम को लेकर कोई उंगली ना उठने पर भी सवाल खड़े किए हैं।

अपने कार्यकाल का जिक्र करते हुए मुशर्रफ ने कहा, ‘मैंने दोनों तत्कालीन प्रधानमंत्रियों अटल बिहारी वाजपेयी और मनमोहन सिंह से बात की थी। दोनों अलग-अलग राजनीतिक दलों के थे लेकिन हम विवादों से आगे बढ़ना चाहते थे।

हम अपनी रणनीति पर काम कर रहे थे क्योंकि दोनों पक्ष शांति चाहते थे। लेकिन अब ऐसा नहीं हो रहा है, वे हमें पूर्व स्थिति में लाना चाहते हैं।’