भारत के 1% लोगों के पास है देश का 58 % पैसा-रिपोर्ट

नई दिल्ली।  ऑक्सफेम मानव अधिकार की एक रिपोर्ट भारत में असमानता की स्याह तसवीर दिखाती है। रिपोर्ट के मुताबिक सिर्फ 1 फीसदी अमीरों के पास है देश की करीब 58 प्रतिशत संपत्ति है। जबकि सिर्फ 57 अमीरों के पास देश की 70 फीसदी आबादी के बराबर दौलत है। यह खुलासा अंतरराष्ट्रीय मानवाधिकार संस्था ऑक्सफैम द्वारा आज जारी किए गए रिपोर्ट में सामने आया है। रिपोर्ट में कहा गया है कि दुनियाभर में अमीरों-गरीबों के बीच सबसे ज्यादा असंतुलन भारत में है।

84 लोगों के पास 16.90 लाख करोड़ रुपए

रिपोर्ट के मुताबिक भारत में 57 अरबपतियों के पास 216 अरब डॉलर यानी करीब 14.72 लाख करोड़ रुपए की संपत्ति है। जो देश के 70 फीसदी आबादी की कुल संपत्ति के बराबर है। रिपोर्ट में दावा किया गया है कि भारत के कुल 84 शीर्ष अमीरों के पास 248 अरब डॉलर यानी करीब 16.90 लाख करोड़ रुपए की संपत्ति है।

भारत में रिलायंस के मालिक मुकेश अंबानी के पास 19.3 अरब डॉलर रुपए की संपत्ति है। वह भारत के सबसे अमीर आदमी हैं। अंबानी के बाद दिलीप संघवी दूसरे नंबर पर हैं। सांघवी के पास 16.7 अरब डॉलर की संपत्ति है। तीसरे नंबर पर विप्रो के चेयरमैन अजीम प्रेमजी हैं। प्रेमजी के पास 15 अरब डॉलर की संपत्ति है।

रिपोर्ट में यह भी दावा किया गया है कि सिर्फ 8 लोगों के पास दुनिया की आधी आबादी के बराबर संपत्ति है। रिपोर्ट के मुताबिक दुनिया की कुल दौलत 2,557 खरब डॉलर है। इसमें 65 खरब डॉलर की संपत्ति तीन लोगों के पास है। इनमें बिल गेट्स (75 अरब डॉलर), अमेंसिया ओट्रेगा (67 अरब डॉलर) और वॉरेन बफेट (60.8 अरब डॉलर) शामिल हैं।

रिपोर्ट के मुताबिक पिछले दो दशकों में भारत, चीन, श्रीलंका, बांग्लादेश और इंडोनेशिया में अमीरों की आय में लगातार बढ़ोतरी हुई है। जबकि इन देशों में गरीबों की 10 फीसदी आबादी में करीब 15 फीसदी संपत्ति की कमी आई है। रिपोर्ट में कहा गया है कि अब वक्त आ गया है कि अमीरों को फायदा पहुंचाने वाली अर्थव्यवस्था की बजाय एक मानवीय अर्थव्यवस्था बनाई जाए।