भारत-पाक संबंधों में मोदी हैं रुकावट :मणिशंकर अय्यर

नई दिल्ली : पूर्व केंद्रीय मंत्री और कांग्रेस नेता मणिशंकर अय्यर के उस बयान ने विवाद को हवा दे दी, जिसमें उन्होंने पाकिस्तान के एक खबरिया चैनल पर परिचर्चा के दौरान कथित रूप से कहा कि अगर भारत और पाकिस्तान के बीच मुज़ाकरात करनी है तो प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को हटाना पड़ेगा। हालांकि अय्यर ने इससे इंकार किया है। अय्यर का यह बयान भारत को विदेशी धरती पर शर्मसार करने वाला माना जा रहा है। भाजपा ने इसे देश का अपमान बताया है।

कांग्रेस नेता के बयान पर भाजपा और राजद ने कड़ी प्रतिक्रिया दी है। भाजपा ने कांग्रेस चीफ सोनिया गांधी एवं राहुल गांधी से इस पर सफाई मांगी है।

हालांकि कांग्रेस ने कहा कि भाजपा का आरोप बिल्कुल बकवास है और अय्यर ने उसे यह बता दिया है कि उन्होंने ऐसा कुछ नहीं कहा था।

जब दुनिया टीवी के रिपोर्टर ने पूछा कि दोनों देशों के बीच गतिरोध दूर करने के लिए क्या किया जाए तो अय्यर ने जवाब दिया, ‘पहली और सबसे बड़ी चीज है कि मोदी को हटाया जाए। केवल तभी वार्ता आगे बढ़ सकती है। हमें और चार साल इंतजार करना होगा। वे (पैनल में शामिल लोग) भले ही आशावादी हैं कि जब मोदी साहब (सत्ता में) हैं, तब हम आगे बढ़ सकते हैं, लेकिन मैं ऐसा नहीं सोचता।’’

उन्होंने आगे कहा, ‘‘हमें (कांग्रेस को) सत्ता में वापस लाइए और उन्हें हटाइए। (संबंध बेहतर बनाने के लिए) और कोई रास्ता नहीं है। हम उन्हें हटा देंगे लेकिन तबतक आपको (पाकिस्तान को) इंतजार करना होगा।’’ जब इस मुद्दे (अय्यर के बयान) पर कांग्रेस नेता टॉम वडक्कन से प्रतिक्रिया मांगी गयी तो उन्होंने कहा, ‘‘यह बिल्कुल बकवास है। मेरे पास श्री अय्यर का लिखा एक पत्र है, जिसमें उन्होंने साफ तरह से इनकार किया है कि उन्होंने ऐसा कुछ कहा इससे दूरी बनाने का सवाल ही नहीं है।’’ भाजपा ने इसे ‘बेहद गंभीर, चिंताजनक और पूरी तरह: गलत’ कहा।
अय्यर के बयान पर राजद के मनोज झा ने कहा कि कोई ‘कम अक्ल’ आदमी भी इस बयान की निंदा ही करेगा।