मतगणना से कुछ घंटे पहले कांग्रेस प्रत्याशी के सीने में मारी गई गोली, गला रेतने की कोशिश

ओडिशा की अस्का विधानसभा सीट के कांग्रेस प्रत्याशी मनोज जेना पर मतगणना से कुछ घंटे पहले जानलेवा हमला किया गया है। अज्ञात लोगों ने उन्हें गोली मार दी इसके बाद उसे गला रेतने की भी कोशिश की गई। जिसके बाद उन्हें बेरहामपुर के एक अस्पताल ले जाया गया जहां डॉक्टरों ने उन्हें ओडिशा के अस्पताल में इलाज के लिए भेज दिया गया।

बेरहामपुर से एसपी पिनक मिश्रा ने बताया कि चार अज्ञात लोग दो बाइक में सवार थे उन्होंने ही कांग्रेस नेता पर हमला किया। हमलावर उनका काफी समय से पीछा कर रहे थे और इंतजार कर रहे थे कि वह कब अपनी कार से बाहर निकले। घटना को लांजीपल्ली के पास ऑक्सफोर्ड स्कूल स्क्वायर के पास से गुजरने के दौरान अंजाम दिया गया। हमलावरों ने भागने के दौरान एक शख्स को टक्कर मार दी जिसमें वह घायल हो गया। आरोपियों को पकड़ने के लिए पुलिस की 2 टीम को तैनात कर दिया गया है।

अभी तक यह साफ नहीं हो सका है कि उनपर यह हमला किस वजह से किया गया। पिछले महीने खुर्दा के भाजपा नेता मंगुली जेना की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। मृतक भाजपा नेता 9 नंबर जोन मंडल के अध्यक्ष थे। मामले में पुलिस ने अबतक 5 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।

वहीं इससे पहले बीजू जनता दल के पीपली से से प्रत्याशी प्रदीप महारथी को फ्लाइंग स्क्वार्ड के साथ मारपीट करने के आरोप में में गिरफ्तार किया गया था। उन पर यह हमला तब किया गया जब चुनाव आयोग अधिकारी उनके फॉर्महाउस पर जांच करने आई थी। हालांकि बाद में उन्हें जमानत पर रिहा कर दिया गया।