मध्यप्रदेश में गैंगरेप के बाद 15 वर्षीय लड़की को जलाया जिंदा, हुई मौत!

भोपाल: मध्य प्रदेश के सागर जिले के झुहरपुर गांव में दो स्थानीय युवाओं ने कथित रूप से गुरुवार की रात को 15 वर्षीय लड़की के साथ गैंगरेप किया और फिर कथित तौर पर दोनों ने उसे जिंदा जला दिया।

पुलिस ने उसके परिवार के सदस्यों द्वारा सूचित किए जाने के बाद शुक्रवार सुबह पीड़ित की जली हुई लाश को बरामद किया।

पुलिस के मुताबिक आरोपी रविंद्र कुमार और भगत ने लड़की के घर में घुसपैठ कर उसका गैंगरेप किया। फिर उन्होंने उसे आग लगा दी।

जांच अधिकारी ने कहा, “दोनों आरोपी गिरफ्तार किए गए हैं। आगे की जांच चल रही है।”

मध्यप्रदेश के गृह मंत्री भूपेंद्र सिंह ने कहा कि इस मामले को फ़ास्ट ट्रैक कोर्ट में मृतक और उसके परिवार के लिए न्याय सुनिश्चित करने की कोशिश की जाएगी।