मध्य प्रदेश: आरिफ अकील को अल्पसंख्यक सहित कई विभागों के मंत्री बनाए गए!

मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री कमलनाथ ने नवगठित मंत्रिमंडल के सदस्यों के बीच विभागों का बंटवारा कर दिया है। मुख्यमंत्री कमलनाथ ने औद्योगिक नीति एवं निवेश प्रोत्साहन विभाग, जनसम्पर्क, विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी, विमानन, लोक सेवा प्रबंधन, अप्रवासी भारतीय, तकनीकी शिक्षा, कौशल विकास एवं रोजगार और ऐसे अन्य विभाग जो किसी को नहीं दिए गए हैं, अपने पास रखे है।

आधिकारिक जानकारी के अनुसार डॉ विजय लक्ष्मी साधो को संस्कृति, चिकित्सा शिक्षा और आयुष विभाग का दायित्व सौंपा गया है। सज्जन सिंह वर्मा को लोक निर्माण और पर्यावरण विभाग आवंटित किए गए हैं।

हुकुम सिंह कराड़ा जल संसाधन विभाग का दायित्व सम्भालेंगे। डॉ गोविन्द सिंह को सहकारिता विभाग और संसदीय कार्य विभाग की जिम्मेदारी सौंपी गई है। जबकि, बाला बच्चन को गृह और जेल विभाग सौंपा गया है वे मुख्यमंत्री से भी संबद्ध रहेंगे।

मंत्रिमंडल में आरिफ अकील को भोपाल गैस त्रासदी राहत एवं पुनर्वास विभाग, पिछड़ा वर्ग एवं अल्पसंख्यक कल्याण विभाग, सूक्ष्म लघु और मध्यम उद्यम विभाग आवंटित किए गए हैं। बृजेन्द्र सिंह राठौर को वाणिज्य कर विभाग सौंपा गया है। मंत्रिमंडल में शामिल एकमात्र निर्दलीय विधायक प्रदीप जायसवाल को खनिज साधन विभाग आवंटित किया गया है।

लाखन सिंह यादव, पशुपालन, मछुआ कल्याण और मत्स्य विकास विभाग का दायित्व सम्भालेंगे। तुलसी सिलावट लोक स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री बनाए गए हैं।

गोविन्द सिंह राजपूत राजस्व और परिवहन विभाग का दायित्व सम्भालेंगे। इमरती देवी को महिला एवं बाल विकास विभाग आवंटित किया गया है। ओमकार सिंह मरकाम जनजातीय कार्य विभाग, विमुक्त घुमक्कड़ एवं अर्द्धघुमक्कड़ जनजाति कल्याण विभाग मंत्री होंगे।