मध्य प्रदेश चुनाव: दिग्विजय सिंह ने कांग्रेस की बड़ी जीत का दावा किया!

मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने बृहस्पतिवार को दावा किया कि कांग्रेस मध्य प्रदेश में 132 से अधिक सीट जीतकर अपनी सरकार बनाएगी। राज्य में 230 विधानसभा सीटें हैं। बुधवार को हुए मतदान में 75 प्रतिशत मतदाताओं ने अपने मताधिकार का उपयोग किया था।

मतों की गिनती 11 दिसंबर को होगी। राज्य में 1993 से 2003 तक 10 साल मुख्यमंत्री रहे दिग्विजय सिंह से जब कहा गया कि कांग्रेस की 132 सीटें आ रही हैं तो उन्होंने कहा, प्रदेश में हम 132 से अधिक सीटों पर विजय हासिल कर सरकार बनाएंगे। बता दें कि प्रदेश में भाजपा पिछले 15 साल से सत्तारूढ़ है।

सिंह ने कहा, वर्ष 2013 में हुए पिछले विधानसभा चुनाव में प्रदेश में लगभग तीन फीसदी फर्जी मतदाता थे। इस बार विधानसभा चुनाव से पहले हमने मतदाता सूची से इनकी लगभग छंटनी करवा दी।

उन्होंने कहा कि इस बार हुए चुनाव में जीत के लिए कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने अपना दिल, दिमाग, शरीर और आत्मा सब कुछ लगा दिया, कोई कसर नहीं छोड़ी।

साभार- अमर उजाला