ममता की चेतावनी- ‘हमारे किसी भी अधिकारी को हाथ लगाने की कोशिश की तो आपको बख्शा नहीं जाएगा’

कोलकाता। मोदी सरकार के खिलाफ हमला तेज करते हुए पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने आज केंद्र से उनको गिरफ्तार करने की चुनौती दी और राज्य सरकार के अधिकारियों को हाथ लगाने को लेकर चेताया।

उन्होंने यहां एक जनसभा में कहा, आपको किसी को हाथ नहीं लगाना है। आप मुझे गिरफ्तार कीजिए। मैं आपको चुनौती देती हूं कि अगर आप में हिम्मत है तो आप हम सभी को गिरफ्तार कीजिए, नोटबंदी के खिलाफ आवाज उठाने से हमें कोई भी चीज रोक नहीं पाएगी। ममता ने कहा, नोटबंदी एक बड़ा घोटाला है। हम यह जानना चाहते हैं कि क्या सौदा हुआ है। हम लोग हजार बार इस बात को कहेंगे।

मुख्यमंत्री ने केंद्र सरकार पर राज्य सरकारों को कमजोर करने का आरोप लगाते हुए अपने अधिकारियों को निशाना बनाये जाने को लेकर केंद्र को चेतावनी देते हुए अगर आप हमारे किसी भी अधिकारी को हाथ लगाने की कोशिश करते हैं तो आपको भी बख्शा नहीं जायेगा। आपके पास नियम हैं तो राज्यों के हाथ में भी नियम हैं।