ममता कुलकर्णी को मुम्बई पुलिस ने भगोड़ा घोषित किया, जब्त हो सकती है संपत्ति

मुंबई। बॉलीवुड अभिनेत्री ममता कुलकर्णी और उसके साथी विकी गोस्वामी को मुंबई पुलिस ने भगौड़ा घोषित कर दिया है। पुलिस ने शुक्रवार को ममता के वर्सोवा स्थित घर पर एक नोटिस चिपका दिया तथा विकी के अहमदाबाद वाले घर पर भी एक ऐसा ही नोटिस लगाया गया है।

बता दें कि एक साल पहले पुलिस ने दो लोगों को एफेड्रीन के साथ गिरफ्तार किया था। इस गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने दो हजार करोड़ के नशीले कारोबार का भंड़ाफोड़ करते हुए 14 लोगों को पकड़ा था। इसी मामले में ममता और विकी का भी नाम सामने आया।

अब पुलिस ने इसी मामले में आगे बढ़ते हुए कहा है कि अगर तय समय में ममता और विकी पुलिस के सामने हाजिर नहीं हुए तो उनकी संपत्ति को कोर्ट की अनुमति लेकर जब्त कर लिया जाएगा।

गौरतलब है कि नब्बे के दशक में ममता बॉलीवुड की एक सफल अदाकारा थीं पर वे उसके बाद नशीलें पदार्थों के तस्कर विकी गोस्वामी के संपर्क में आ गईं।