मशहूर सितार एवं सुरबहार वादक उस्ताद इमरत खान ने पद्मश्री पुरस्कार ठुकराया

नई दिल्ली : मशहूर सितार एवं सुरबहार वादक उस्ताद इमरत खान ने पद्मश्री पुरस्कार ठुकरा दिया|  उन्होंने कहा कि यह बहुत देर से दिया जा रहा है और उनके विश्वव्यापी शोहरत और योगदान के अनुरूप नहीं है|
उन्होंने कहा कि  भारत सरकार ने 82 साल की उम्र में मेरी जिंदगी के आखिरी लम्हों में मुझे पद्मश्री पुरस्कार के लिए चुना है| जहां, मैं इस कदम के पीछे की अच्छी मंशा स्वीकार करता हूं, बिना किसी पूर्वग्रह पाले मेरे इसपर मिश्रित विचार हैं| यह शायद कई दशक बाद आया है| मेरे जूनियर पद्मभूषण पा चुके हैं| इमरत ने कहा कि ऐसे वक्त में जब उनके ‘‘कनिष्ठ’’ पद्मभूषण से नवाजे जा चुके हैं, उन्हें पद्मश्री पुरस्कार पर मिश्रित विचार आए|
जब गणतंत्र दिवस के अवसर पर पुरस्कार की घोषणा के बाद भारतीय वाणिज्य दूतावास ने उनसे संपर्क किया था उन्होंने यह बात तब कही थी |  सेंट लुइस में रह रहे उस्ताद इमरत ने कहा कि उन्होंने दुनिया भर में भारतीय क्लासिकल संगीत, खास कर सितार और सुरबहार के प्रचार-प्रसार में बड़ा योगदान किया है|
अपने संगीत का जौहर इमरत अपने बड़े भाई उस्ताद विलायत खान, उस्ताद बिस्मिल्ला खान, उस्ताद अहमदजान थिरकवा खान और पंडित वीजी जोग के साथ दिखा चुके हैं|