महाराष्ट्र : बारहवीं की बोर्ड परीक्षा में पेपर लीक होने का सिलसिला लगातार जारी

मुंबई : राज्य में बारहवीं की बोर्ड परीक्षा में पेपर लीक होने का सिलसिला लगातार जारी है। शुक्रवार को परीक्षा से पहले बुक कीपिंग ऐंड अकाउंटेंसी का पेपर लीक हुआ। पेपर लीक होने का मामला कांदिवली में सामने आया। इसके पहले मराठी, सेक्रटेरियल प्रैक्टिस (एसपी), फिजिक्स और मैथ्स का पेपर सोशल मीडिया पर परीक्षा से पहले वायरल हुआ था। एक के बाद एक पेपर लीक होने से महाराष्ट्र राज्य माध्यमिक एवं उच्च माध्यमिक शिक्षा बोर्ड द्वारा परीक्षा आयोजन की व्यवस्था पर सवाल उठने लगे हैं।
पुलिस के अनुसार पेपर लीक मामले में दो शिकायत दर्ज की गई है। इसमें कुल 6 लोगों को हिरासत में लिया गया है। इनके पास से तीन मोबाइल जब्त किए गए हैं।

शुक्रवार को बुक कीपिंग ऐंड अकाउंटेंसी का पेपर था। कांदिवली के डॉ. टी. आर. नरवणे विद्यालय को परीक्षा केंद्र बनाया गया है। यहां पर दो विद्यार्थी 11.30 से 11.45 के बीच परीक्षा हॉल में आए। सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार विद्यार्थी परीक्षा देने भी बैठ गए थे, लेकिन इस बीच बोर्ड का उड़न दस्ता आ गया। इस दस्ते ने उन विद्यार्थियों को खड़े होने के लिए कहा, जो परीक्षा देने देरी से आए। उनके कहने पर दोनों विद्यार्थी खड़े हो गए। इसके बाद उड़न दस्ते ने दोनों विद्यार्थियों से अपना मोबाइल दिखाने को कहा। दोनों ने बैग में मोबाइल बंद करके रखे थे, जब इन दोनों की मोबाइल ऑन करके उड़न दस्ते के लोगों ने देखा, तो उसमें बुक कीपिंग ऐंड अकाउंटेंसी का पेपर था। इन विद्यार्थियों के मोबाइल पर 10.55 बजे पेपर आ गया था। इसके बाद दोनों विद्यार्थियों के खिलाफ कांदिवली पुलिस स्टेशन में मामला दर्ज कराया गया। इसके अलावा एक विद्यार्थी को बालभारती जूनियर कॉलेज से पकड़े जाने की खबर है। इसके पास 10.34 मिनट पर पेपर आ गए थे। पिछले दो साल भी साल भी इस विषय लीक हुआ था। लगातार तीन साल बुक कीपिंग ऐंड अकाउंटेंसी विषय की पेपर लीक होने से विद्यार्थी आहत हैं। उनका कहना है कि पेपर होने के पीछे बोर्ड जिम्मेदार है।