महाराष्ट्र: 14 नक्सलियों को सुरक्षा बलों ने मार गिराया

महाराष्ट्र पुलिस के हाथ आज बड़ी कामयाबी लगी है। गढ़चिरौली के इटापल्ली बोरिया जंगल में हुई मुठभेड़ में पुलिस ने 14 नक्सलियों को मार गिराया। पुलिस की इस बड़ी कार्रवाई में नक्सली नेता साईनाथ और सिनू भी मारे गए।

पुलिस ने यह कार्रवाई एंटी-नक्सल ऑपरेशन के तहत की गई। माना जा रहा है कि नक्सलियों के खिलाफ यह अब तक का सबसे बड़ा ऑपरेशन है।

खबरों के अनुसार रविवार सुबह 11 बजे पुलिस और नक्सलियों के बीच मुठभेड़ शुरू हुई। मारे गए नक्सलियों में कुछ डीवीसी और कमांडर भी शामिल हैं। माना जा रहा है कि मरने वालों की इनकी संख्या अभी और बढ़ सकती है।

पुलिस ने क्षेत्र मे सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। बता दें कि तीन अप्रैल को भी महाराष्ट्र पुलिस ने एनकाउंटर में तीन नक्सलियों को मार गिराया था इसमें दो महिलाएं भी शामिल थीं।

गौरतलब है कि देश में नक्सली गतिविधियों में कमी आई है और नक्सलियों का इलाका भी घटा है। नक्सल प्रभावित 126 जिलों में से सरकार ने 44 जिलों को नक्सल मुक्त क्षेत्र घोषित कर दिया है।

हालांकि आठ नए जिले नक्सल प्रभावित इलाके में शामिल भी किए गए हैं। सबसे ज्यादा नक्सल प्रभावित जिलों की संख्या 35 से घटकर 30 रह गई है। बिहार और झारखंड के 5 जिले अति नक्सल प्रभावित टैग से मुक्त हो गए हैं।