मायावती घड़ियाली आँसू बहा रही हैं: BJP

लखनऊ: बसपा सुप्रीमो मायावती द्वारा प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी पर की गयी तल्ख टिप्पणियों पर पलटवार करते हुए भाजपा ने आज कहा कि मायावती उत्तर प्रदेश में सन्निकट चुनावों को देखते हुए घडियाली आंसू बहा रही हैं।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष केशव प्रसाद मौर्य ने कहा, ‘‘भाजपा के बढते जनाधार से मायावती बौखला गयी हैं। अपनी ही पार्टी के विधायकों, सांसदों और कार्यकर्ताओं के सवालों और आरोपों से परेशान बसपा सुप्रीमो मीडिया और पत्रकारों पर निशाना साध रही हैं। अखबारों और चैनलों पर पैसा लेकर खबर चलाने का आरोप लगा रही हैं।’’ उन्होंने कहा कि अखिलेश सरकार बनने के बाद प्रदेश की जनता को उसके अपने हाल पर छोडकर दिल्ली चली जाने वाली मायावती विधानसभा चुनाव सन्निकट देखकर घडियाली आंसू बहा रही हैं।

मौर्य ने कहा कि भारत की विदेश एवं रक्षा नीति की देश में ही नहीं पूरे विश्व में प्रशंसा हो रही है। उसके सकारात्मक परिणाम विभिन्न अवसरों पर देखने को मिल रहे हैं। मायावती उसी पर सवाल उठा रही हैं। संभवत: उन्हें जानकारी का अभाव है या फिर वह देश के गौरव का अपमान कर रही हैं।

उन्होंने मायावती को सलाह दी कि वह संवेदनशील मुद्दों पर राजनीति ना करें क्योंकि जनता हर बात का मूल्यांकन कर रही है।

उल्लेखनीय है कि मायावती ने बसपा संस्थापक कांशीराम की पुण्यतिथि पर एक रैली में मोदी पर निशाना साधते हुए उनके लखनऊ में दशहरा मनाने और लक्षित हमले को भाजपा की ‘राजनीतिक फायदा’ लेने की कोशिश बताया।

(भाषा)