मालदीव ने द्विवार्षिक नौसेना अभ्यास में शिरकत करने का भारत का निमंत्रण ठुकरा दिया है। इसकी जानकारी भारतीय नौसेना के प्रमुख एडमिरल सुनील लांबा ने दी। लांबा ने कहा कि मालदीव ने निमंत्रण क्यों ठुकराया, इसके पीछे कोई कारण नहीं बताया है।
‘मिलन’ नाम का यह नौसेना अभ्यास अंडमान-निकोबार द्वीप समूह में 6 मार्च से शुरू होना है। नौसेना सूत्रों के मुताबिक 16 से ज्यादा देश इस अभ्यास में अपनी शिरकत कर चुके हैं।
हिंद-प्रशांत क्षेत्र में चीन की बढ़ती सामुद्रिक ताकत को देखते हुए इसका आयोजन किया जा रहा है। भारतीय नौसेना के प्रवक्ता डीके शर्मा ने बताया कि इस अभ्यास के दौरान समुद्री सैनिक गतिविधियों से लेकर गैरकानूनी गतिविधियों को रोकने तक पर विचार होगा।