माले, 13 फरवरी: (एजेंसी) मालदीव में 24 साल की एक हिंदुस्तानी लड़की के साथ दिल्ली गैंगरेप जैसी दरिंदगी का मामला सामने आया है। वहां कंप्यूटर टीचर के तौर पर काम कर रही इस लड़की के घर में घुसकर इज्तिमायी इस्मतरेज़ि किया गया। फिलहाल उसकी हालत बेहद तशवीशनाक है और वह अस्पताल में मौत से जंग लड़ रही है। वाकिया से परेशान हिंदुस्तान ने मालदीव की हुकूमत के साथ मजबूती से यह मुद्दा उठाते हुए दरिंदों को फौरन गिरफ्तार करने को कहा है।
मालदीव के मिनिवन न्यूज के मुताबिक यह लड़की आलिफ धार एटाल के धानगेथी द्वीप में एक प्राइवेट स्कूल में कंप्यूटर टीचर है। वह करीब एक माह पहले ही हिंदुस्तान से यहां पहुंची थी। एतवार की रात करीब 2:00 बजे उसके घर में कई लोग घुस आए और उसके साथ दरिंदगी को अंजाम दिया।
आइलैंड काउंसिल सदर अजीम अदाम ने बताया कि लड़की की हालत बहुत नाजुक है और वह आईसीयू में भर्ती है। उसे सात यूनिट खून चढ़ाया जा चुका है, लेकिन ब्लीडिंग बंद नहीं हो रही हैं, जिससे डॉक्टर परेशान हैं। लड़की के बेहतर इलाज के लिए हिंदुस्तान मुंतकिल करने पर भी गौर किया जा रहा है।
धानगेथी 1200 लोगों की आबादी वाला द्वीप है। दिल्ली में वज़ारत ए खारेजा के तरजुमान ने बताया कि माले में हिंदुस्तानी मिशन के आफीसरों ने मालदीव हुकूमत की खानदानी बहबूद की वज़ीर मरियम शकीला से इस मुद्दे पर बात की है। मालदीव ने हिंदुस्तान को भरोसा दिलाया है कि जुर्म को अंजाम देने वाले दरिंदे जल्द ही कानून के शिकंजे में होंगे।