माशूका को घर पर बुलाया और लगा दी आग, हालत संगीन

रांची : लोअर बाजार थाना इलाके के तारा बाबू लेन में इतवार को शाम साढ़े छह बजे सानिया खान नाम की लड़की आग से झुलस गयी। लड़की को मुकामी लोगों ने पहले सदर अस्पताल फिर वहां से रिम्स पहुंचाया। बाद में अहले खाना ने उसे एक प्राइवेट नर्सिंग होम में एडमिट कराया है। सानिया की हालत संगीन बनी हुई है। वह गया के इमामगंज की है और वीमेंस कॉलेज से बीसीए की पढ़ाई कर रही है। रांची में वह थड़पखना वाक़े वर्मा गर्ल्स हॉस्टल में रहती है।

आग से झुलसी सानिया ने पुलिस को बताया कि तारा बाबू लेन में रहनेवाले लोहा कारोबारी महेंद्र जायसवाल से उसका इश्क चल रहा था। गुजिश्ता साल दोनों ने मंदिर में शादी की थी। अहले खाना के डर से वह उसे साथ नहीं रखता था लेकिन खर्च देता था। महेंद्र पहले से शादीशुदा है। इतवार को शाम छह बजे उसे महेंद्र ने तारा बाबू लेन वाक़े घर पर बुलाया। जहां पर कमरे में उसकी बीवी रीना व दीगर लोग उससे लड़ाई करने लगे। उसी वक़्त कमरे में परदे के पीछे से किसी ने उसके जिश्म पर पेट्रोल उड़ेल दिया। इसके बाद उसके शरीर में आग लग गई। वह बदहवास होकर कमरे से बाहर निकली और गली में मदद के लिए गुहार लगाते हुए इधर-उधर भागने लगी। उधर, रीना जायसवाल ने कहा कि उन लोगों को नहीं पता कि लड़की के जिश्म में कैसे आग लगी।