मीटू: पत्रकारिता से राजनीति के शिखर तक पहुंचने वाले एमजे अकबर का करियर खत्म

एम जे अकबर पर दुष्कर्म का आरोप लगाने वाली अमेरिका स्थित पत्रकार पल्लवी गोगोई ने पूर्व केंद्रीय मंत्री के दावों को खारिज कर दिया है। उन्होंने कहा कि यह संबंध ‘‘जबर्दस्ती और शक्ति के दुरुपयोग’’ पर आधारित था न कि सहमति से। गोगोई का आरोप था कि दिग्गज पत्रकार अकबर ने उसका बलात्कार किया है।

वाशिंगटन स्थित अमेरिकी मीडिया संगठन नेशनल पब्लिक रेडियो (एनपीआर) में मुख्य व्यापार संपादक गोगोई ने ट्विटर पर कहा कि वह वाशिंगटन पोस्ट अखबार में उनके हवाले से छापे गए एक-एक शब्द पर अडिग हैं।

उन्होंने कहा कि वह अपना सच बोलना जारी रखेंगी जिससे उसके द्वारा यौन उत्पीडऩ का शिकार हुई दूसरी महिलाएं ये समझ जाएं कि उनके लिये सामने आकर अपना सच बयान करने में कोई बुरी बात नहीं है।

हाल ही में विदेश राज्य मंत्री के पद से इस्तीफा देने वाले 67 वर्षीय अकबर ने शुक्रवार को गोगोई द्वारा लगाए गए दुष्कर्म के आरोपों से इनकार किया था। गोगोई ने अपने लेख में अपनी ‘‘सबसे दर्दनाक यादें’’ लिखते हुए कहा कि वह भावनात्मक, शारीरिक और मानसिक रूप से बिखर गई थीं।

एक बयान में अकबर ने कहा कि साल 1994 के आसपास पल्लवी गोगोई और मेरे बीच आपसी सहमति से संबंध बने जो कई महीने तक रहे। अकबर ने कहाा कि इस रिश्ते को लेकर बातें होने लगीं और बाद में मेरे घर में भी इस पर कलह हुई। आपसी सहमति से बने इस रिश्ते का अंत हो गया, लेकिन अंत शायद अच्छा नहीं रहा।