मुंबई | मध्य मुंबई के एंटॉप हिल इलाके में बुधवार को हुए भूस्खलन में मरने वालों की संख्या बढ़कर पांच हो गई। गुरुवार सुबह मलबे से एक परिवार के और तीन सदस्यों के शव बरामद हुए। बुधवार सुबह एक पहाड़ी का बड़ा हिस्सा देवराम चाल के पांच घरों पर आ गिरा था।
इस हादसे में एक व्यक्ति रामावतार पी. केवट (47) की तुरंत मौत हो गई। गंभीर रूप से घायल उसके बेटे संदीप ने (22) ने भी बाद में अस्पताल में दम तोड़ दिया। बृहन्मुंबई नगर निगम के आपदा नियंत्रण प्रकोष्ठ के अनुसार, घरों पर मिट्टी का टीला और पत्थर के बड़े टुकड़े आ गिरे, जिसके नीचे तीन और शव दबे मिले। भूस्खलन की इस घटना में एक परिवार के तीन सदस्य मलबे में दब गए। मरने वालों की पहचान सुल्ताना शेख (25) और उसके दो मासूम बेटों आरिफ शेख (दो साल) और रिजवान शेख (18 माह) के रूप में की गई। शहर और आस-पास के इलाकों में भारी बारिश के बीच भूस्खलन की यह घटना बुधवार को सुबह लगभग आठ बजे हुई थी। बारिश गुरुवार को भी जारी है। आपदा प्रकोष्ठ के अधिकारियों ने बताया कि मलबे से एक अन्य युवक सलीम शेख (27) को जिंदा निकाला गया। यह घायल युवक सिओन अस्पताल में जिंदगी के लिए संघर्ष कर रहा है।