मुंबई में बारिश से बिगड़े हालात, रेड अलर्ट जारी

मुंबई.  मुंबई के कई इलाके भयंकर बारिश से त्रस्‍त है अंधेरी और जोगेश्वरी में फिर तेज बारिश हो रही है। वेदर डिपार्टमेंट ने मुंबई और इसके आसपास के इलाकों में अगले 48 घंटों के दौरान भारी बारिश की चेतावनी दी है। इसे देखते हुए राज्य सरकार ने शहर में बुधवार को रेड अलर्ट जारी कर दिया है। शहर के कई हिस्सों में रुक-रुक कर हो रही बारिश के बीच दो अलग-अलग मामलों में पांच लोगों के मौत की खबर सामने आई है। विक्रोली और ठाणे में 2 घर गिरने से 5 लोगों की मौत हो गई। बुधवार को यहां के स्कूल-कॉलेजों की छुट्टी कर दी गई है। खुद सीएम ने लोगों से घरों में रहने की अपील की है।
मुंबई में 29 अगस्‍त को 298 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई, जो कि 1997 से अबतक अगस्त में एक दिन में हुई सर्वाधिक बारिश है। लगातार भारी बारिश के बाद जनजीवन के अस्त-व्यस्त हो जाने, सड़क, रेल एवं वायु यातायात अवरूद्ध हो जाने के बाद परेशानियों से भरे अगले दिन के लिए मुंबई तैयार है।
 इस बारिश में मुंबई की लाइफलाइन कही जाने वाली लोकल ट्रेनों की आवाजाही पर असर पड़ा। हालांकि रातभर ठप रहने के बाद हार्बर लाइन और सेंट्रल लाइन शुरू हो गई हैं। वेस्टर्न रेल रूट पर ट्रेनें शुरू हो गई हैं। सेंट्रल रेलवे रूट पर भी कुर्ला से डोंबीवली के बीच लोकल चल रही है। मेट्रो सर्विस भी वर्सोवा और घाटकोपर के बीच शुरू हो चुकी है।
सायन, कुर्ला, चूनाभट्टी, माटुंगा सेंट्रल, ठाणे, मुलुंड, समेत कई रेलवे स्टेशनों पर सैकड़ों पैसेंजर्स फंसे हुए हैं। कई को आरपीएफ टीम ने रेस्क्यू भी किया है।
मुंबई डब्बावाला एसोसिएशन के स्पोक्सपर्सन सुभाष तालेकर ने कहा कि बुधवार को घरों से डिब्बे कलेक्ट नहीं किए जाएंगे। लिहाजा उनकी सेवाएं बंद रहेंगी। मुंबई में आम तौर पर होने वाली बारिश से नौ गुना ज्यादा है।   भारी बारिश आज भी जारी रह सकती है।