मुंबई हाई कोर्ट का ऐतिहासिक फैसला, महिलाओं को मिली “हाजी अली दरगाह” जाने की इजाजत

मुंबई। मुंबई हाईकोर्ट ने शुक्रवार को एक ऐतेहासिक फ़ैसले में यहां स्थित हाजी अली दरगाह में महिलाओं को प्रवेश की अनुमति दे दी। पहले यहां हाजी अली ट्रस्ट ने महिलाओं की एंट्री पर पाबंदी लगा रखी थी। ट्रस्ट ने हाईकोर्ट के इस फ़ैसले को सुप्रीम कोर्ट में चुनौती देने का फ़ैसला किया है। मालूम हो कि पूजा स्थलों में महिलाओं के साथ होने वाले भेदभाव को लेकर महिलाओं की लड़ाई चल रही है और इसी सिलसिले में दरगाह हाजी अली में प्रवेश के लिए महिलाओं ने भी मोर्चा खोल दिया था जिसका हाजी अली ट्रस्ट पुरज़ोर विरोध कर रहा था। मुस्लिम महिलाओं के हक के लिए लड़ने वाला एक समूह भारतीय मुस्लिम महिला आंदोलन बीएमएमए हाजी अली दरगाह के ट्रस्टी के साथ कानूनी लड़ाई लड़ रहा था और उसने दरगाह में महिलाओं के प्रवेश के लिए बॉम्बे हाईकोर्ट में याचिका भी दायर की थी।