मुख्यमंत्री योगी ने मंत्रियों के साथ-योग रिहर्सल किया

लखनऊ: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की उपस्थिति में आगामी 21 जून को अंतर्राष्ट्रीय दिवस योग के अवसर पर प्रस्तावित योग कार्यक्रम के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और उनके कैबिनेट सहयोगियों ने आज यहां जमकर पसीना बहाया। राजभवन में सुबह लगभग छह बजे से शुरू हुए योग में राज्यपाल राम नाइक ने भी भाग लिया।

योग गुरु रामदेव के नेतृत्व में लगभग 45 मिनट चले योग के दौरान उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य, मंत्री स्वामी प्रसाद मौर्य, स्वास्थ्य मंत्री सिद्धार्थ सिंह, मंत्री महेंद्र सिंह सहित कई मंत्री मौजूद थे। मंच पर राज्यपाल नाइक, मुख्यमंत्री योगी, बाबा रामदेव मौजूद थे। रामदेव की ही तरह योगी आदित्यनाथ योग करते दिखे।

मुख्यमंत्री उत्तर प्रदेश तो कभी कभी बाबा रामदेव से भी इस मामले में आगे निकलते दिखे, लेकिन उनके कई मंत्रियों की हालत खस्ता रही, हालांकि कुछ मंत्री अच्छा योग कर रहे थे। इस अवसर पर राज्यपाल ने योग जीवन को स्वस्थ रखने के लिए आवश्यक बताया। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और योगी आदित्यनाथ का नाम लिए बिना कहा, ”’एक योगी राज योगी है जबकि दूसरा महा योगी। महा योगी ने दुनिया को हिंदुस्तानी संस्कृति की पहचान कराई। हर व्यक्ति को योग से जोड़ दिया।

21 जून को दुनिया के लगभग 200 देशों में एक साथ योग होगा। अपने पूर्वजों को इससे अच्छा सौगात क्या दी जा सकती है। ‘ इस बार देश में योग का मेगा कार्यक्रम यूपी की राजधानी लखनऊ में ही होने वाला है जिसमें मोदी भी शरीक होंगे।