मुद्दों से ध्यान भटकाने के लिए बेवजह समस्या खडी कर रही बीजेपी: अखिलेश

लखनऊ: सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने योगी सरकार पर निशाना साधते हुए कहा है कि देश इस समय बाहरी और भीतरी तमाम समस्याओं से जूझ रहा है, सीमाएं असुरक्षित हैं। आतंकवाद पर लगाम नहीं है। भाजपा इनसे आंखें मूंदे है। वह जानबूझकर इनका समाधान नहीं चाहती। केंद्र और राज्य की भाजपा सरकारों को विकास के लिए ठोस कदम उठाने की जगह देश को गुमराह करना और समाज को उलझाए रखना आसान लगता है। भाजपा की सांप्रदायिक राजनीति लोकतंत्र को कमजोर करती है। अखिलेश बृहस्पतिवार को पार्टी मुख्यालय में समाजवादी पिछड़ा वर्ग प्रकोष्ठ द्वारा आयोजित प्रजापति समाज की बैठक को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा, सपा सरकार के दौरान हुए विकास से भाजपा चिढ़ी है। सपा के राज में सबका सम्मान सुरक्षित था, जबकि मौजूदा समय में पुलिस और अधिकारियों का भी खुलकर अपमान हो रहा है।