मुम्बई: भारी बारिश की वजह से 11 एक्सप्रेस ट्रेनों को किया गया रद्द!

लगातार बारिश की वजह से मुंबई के लोगों की परेशानियां बढ़ गईं हैं। हमेशा न रुकने वाली मुंबई बारिश की वजह से थम गई है। हलांकि ये स्थिति आज की नहीं बल्कि कई सालों से चलती आ रही है। आखिर मुंबईवासियों को ये परेशानी क्यों झेलनी पड़ती है इसका जवाब कोई नहीं दे पाता। कल एक बार फिर वही स्थिति थी।

जो घर में थे, वो घर में फंस गये, जो दफ्तर में थे, वो दफ्तर में फंस गए और जो सड़क पर थे उन्हें रेस्क्यू करना पड़ा। जलभाव से बाढ़ जैसे हालात हो गए हैं। इस बारिश में एक जून से लेकर अब तक कुल 35 लोगों की मौत हो गई है जबकि 56 लोग घायल हो गए हैं।

19 लोगों की मौत डूबने से हो गई। 6 लोग पेड़ गिरने से और 3 लोग करंट लगने मर गए। अंधेरी में पुल गिरने से एक व्यक्ति की मौत हो गई। क्या बस, क्या ट्रेन, यातायात की सभी व्यवस्थाएं चरमरा गई हैं।

अधिकारियों ने बताया कि पश्चिमी रेलवे (डब्ल्यू आर) के एक हिस्से में पटरियों पर पानी भरने की वजह से उपनगरीय सेवा निलंबित कर दी गई और लंबी दूरी वाली कई ट्रेन सेवाएं और इंटर सिटी एक्सप्रेस या तो विलंब से चल रही हैं या रद्द कर दी गई हैं।

भारी बारिश की वजह से शहर और इसके पड़ोसी जिले पालघर और ठाणे के निचले इलाके की कई सड़कों और गलियों में पानी भर गया है। कुछ स्थानों पर लोग कमर तक गहरे पानी में चलते देखे गए। शहर और आस-पास के क्षेत्रों में पानी की आपूर्ति करनेवाली सबसे बड़ी तुलसी झील में पानी लबालब भर गया है और यह उफनकर ऊपर बह रहा है।