राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के अखिल भारतीय कार्यकारिणी सदस्य एवं हिंदू जागरण मंच के मार्गदर्शक इंद्रेश कुमार ने कहा कि गोवध का अधिकार किसी को नहीं है। इसके साथ ही यह भी स्पष्ट कहा कि भीड़ की हिंसा (मॉब लिंचिंग) भी अभिनंदनीय नहीं है। रामगढ़ एवं अरवल में गो तस्कर की हत्या की उन्होंने निंदा की।
उन्होंने कहा, किसी भी धर्मस्थल पर गाय का वध नहीं होता है। जो भी इस गंदगी को फैला रहे हैं वे अपराध कर रहे हैं। अब गाय का वध नहीं उसकी रक्षा होगी।
उन्होंने कहा कि अपने धर्म का गुणगान करें परंतु दूसरे धर्म को गाली नहीं दें। वे सोमवार को रांची के एक होटल में पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे। इससे पहले उन्होंने हिंदू जागरण मंच के प्रांत कार्यालय का पूजन व हवन करके उद्घाटन किया। इस अवसर हिंदू जागरण मंच के क्षेत्रीय संगठन मंत्री सुमन कुमार आदि उपस्थित थे।
राष्ट्रीय मुस्लिम मंच का संरक्षक होने के नाते इंद्रेश कुमार मुस्लिमों के बीच भी काम करते हैं। कहा, अब 10 हजार मदरसों में तिरंगा लहराया जा रहा है। 18 मुस्लिम देशों से मेरी बातचीत हुई है। 2500 स्थानों पर मंच का काम चल रहा है। मुस्लिमों की सोच अब बदल रही है। बड़ी संख्या में महिलाएं भी इस मंच से जुड़ी हैं।
अयोध्या में राम मंदिर के सवाल पर कहा, अब वहां रामजन्म स्थान बनाम विवादित ढांचा का मामला रह गया है। सुनवाई चल रही है। खुदाई में इस्लामिक प्रमाण नहीं मिले हैं। बड़ी संख्या में मुस्लिमों ने भी राम मंदिर बनाने की बात कही है। उन्होंने जोर देकर कहा, अयोध्या में राम मंदिर था, है और रहेगा।
निदा खान द्वारा हलाला का मामला उठाए जाने के सवाल पर कहा, उसने मुस्लिम महिलाओं के लिए प्रेरणा का काम किया है। इस्लाम में हलाला की इजाजत नहीं है। यह गंदी परंपरा है।