मुसलमानों के क़ातिल से हाथ नही मिलाएंगे: अकबर ओवैसी

मुंबई: अकबरूद्दीन ओवैसी ने एक बार फिर हिंदुस्तान के पीएम नरेंद्र मोदी पर बडा हमला बोला है। मुंबई में इंतेखाबी रैली से खिताब करते हुए अकबरूद्दीन ओवैसी ने पीएम मोदी का नाम तो नहीं लिया, लेकिन इशारों-इशारों में उनकी तीखी तन्कीद करते हुए कहा कि, मुसलमानों के कातिल से हाथ नहीं मिलाएंगे, हम अपना एहतिजाज जारी रखेंगे। ओवैसी मुंबई के बांद्रा ईस्ट के भारत नगर में एक इंतेखाबी इजलास से खिताब कर रहे थे।

बांद्रा ईस्ट सीट के लिए जिम्नी इंतेखाबात होने वाला है। आपको बता दें कि इससे पहले भी अकबरूद्दीन पीएम मोदी, बीजेपी के साथ हिंदुत्व को लेकर कई मुतनाज़ा बयान दे चुके हैं। इन्हीं बयानों को लेकर मुल्क की कई अदालतों में उनके खिलाफ मामले चल रहे हैं।

बांद्रा ईस्ट विधानसभा के लिए होने वाले जिमनी इंतेखाबात में मजलिस इत्तेहादुल मुसलमीन अपनी पूरी ताकत लगा रहा है। गुजश्ता साल हुए महाराष्ट्र विधानसभा इंतेखाबात में खाता खोलने वाली ओवैसी की पार्टी को उम्मीद है कि उसे बांद्रा ईस्ट के रूप में एक और सीट हासिल होगी।

इसी वजह से हैदराबाद में एमएलए अकबरूद्दीन ओवैसी और पार्टी चीफ एमपी असद उद्दीन ओवैसी यहां आकर मुसलसल तश्हीर कर रहे हैं।

अकबरूद्दीन ओवैसी ने हफ्ते के रोज़ पीएम मोदी पर हमले के साथ ही समाजवादी पार्टी के सुप्रीमो मुलायम सिंह को भी लपेटा। उन्होंने कहा, लोकसभा इंतेखाबात के दौरान वाराणसी में मुलायम सिंह यादव ने कहा था कि नरेंद्र मोदी पर गुजरात में हुई मुसलमानों की मौत के दाग हैं, हम उनसे हाथ नहीं मिला सकते।

लेकिन आज मुलायम सिंह अपने यहां शादी में मोदी का बुलाते हैं और उनसे खानदान के लोगों को दुआएं दिलाते हैं। इसे क्या कहा जाए?

ओवैसी ने कहा कि सपा हो या फिर कांग्रेस, बसपा सभी सियासी पार्टियां ने मुसलमानों को ठगा, इसके लिए हम खुद जिम्मेदार हैं। हमें अब अपने को पहचान के वोट देने की जरूरत है।