मुस्लिम लड़की धार्मिक गाना गाकर विरोधियों के निशाने पर आई

बेंगलूरू। शिमोगा की रहने वाली मुस्लिम लड़की सुहाना सईद हिंदुओं का एक धार्मिक गाना गाकर सोशल मीडिया पर लोगों के निशाने पर आ गई है। उसने कन्नड़ भाषा के एक गाने के शो में हिंदू धर्म के गाने को गाया था जिसकी शो के जजों ने तारीफ की थी लेकिन मंगलौर मुस्लिम्स नामक फेसबुक पेज पर इस गाने को समुदाय का अपमान बताया।

 

 

एक विरोधी ने पेज पर लिखा है कि गैर मर्दों के सामने गाना गाकर उन्होंने मुस्लिम समुदाय को कलंकित किया है। इस रियलिटी शो के एक जज और संगीत निर्देशक अर्जुन जन्य का कहना है कि सुहाना की गीतकारी एकता की मिसाल पेश कर रही है। उनके गाने से पता चलता है कि कैसे पूरी दुनिया में संगीत के जरिए धार्मिक सौहार्द और शांति स्थापित की जा सकती है।

 

 

सोशल मीडिया पर सुहाना के समर्थन में भी लोग उतर आएं हैं। उनके समर्थक अब सुहाना को निशाना बनाने वालों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने की तैयारी कर रहे हैं। समर्थकों का कहना है कि कुछ लोग ऐसा कर दो समुदायों के बीच नफरत फैलाने का काम कर रहे हैं।