मुहब्बत की शादी बनी गलफांस

भागलपुर 1 मई : मुहब्बत से शादी करना मेरी जिंदगी की सबसे बड़ी भूल थी। मैं अपने वालेदैन की बातों को नजर अंदाज करता रहा। भागलपुर से भाग कर टाटा में शादी कर ली। दो बच्चों के पैदाइश के बाद बीवी ने दो-दो बार जहर खा लिया। अगर वह तीसरी बार जहर खा ले और मर जाये, तो मेरी जिंदगी बरबाद हो जायेगी।

मज्कुरह बातें जवाहर लाल नेहरू मेडिकल कॉलेज अस्पताल में बरारी पुलिस के सामने एक सख्स ने कही। 25 अप्रैल को बबरगंज थाना इलाका के हसनगंज के सोने लाल शर्मा के बेटे प्रीतम शर्मा की बीवी प्रिया को अस्पताल में भरती कराया गया था। उसने जहर खा लिया था।

प्रीतम ने पुलिस को बताया कि उसकी बीवी ने तीन साल पहले टाटा में जहर खा लिया था। लड़की की बड़ी बहन ने उसे वक़्त से अस्पताल पहुंचा कर बचाया था। प्रिया ने आखिर जहर क्यों खाया यह बात न तो उसका शौहर बता पा रहा है और न ही प्रिया। प्रिया ने कहा कि उसने अपनी मरजी से जहर खाया था। वह जिंदगी से ऊब चुकी है।