मेट्रो स्टेशन पर बेटी और बाप को गोली मारी

नई दिल्ली, 26 मार्च: आनंद विहार इलाके के कड़कड़डूमा मेट्रो स्टेशन की सीढि़यों पर एक खातून व उसके वालिद को एक नौजवान ने गोली मार दी। दोनों को पास के डा. हेडगेवार अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जहां खातून की हालत नाज़ुक बताई जा रही है। अभी मुल्ज़िम की पहचान नहीं हो सकी है। माना जा रहा है कि खातून के शौहर ने वारदात को अंजाम दिया है।

यह वाकिया आज दोपहर करीब 12.30 बजे की है। 25 साला खातून दीप्ति अपने वालिद बिशन दास के साथ कड़कड़डूमा मेट्रो स्टेशन जा रही थी। जैसे ही वह सीढि़यों के पास पहुंची अचानक एक नौजवान ने खातून व उसके वालिद को गोली मार दी। नजवान वैगन आर कार से उतरा था। गोली चलते ही अफरा तफरी मच गई। लेकिन इसी बीच नौजवान मौके से फरार हो गया।

गोली चलने की आवाज सुनते ही मौके पर सीआइएसएफ और दिल्ली पुलिस के जवान पहुंचे। खून से लथपथ बाप- बेटी को अस्पताल में भर्ती कराया गया। शुरुआती छानबीन में पता चला है कि दीप्ति चिराग दिल्ली की रहने वाली है। उसका अपने शौहर पवन से झगड़ा चल रहा है। वह शौहर से अलग मायके में रह रही है। आनंद विहार थाना पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।