मेदान्ता में भर्ती मौलाना कल्बे सादिक से ईरान सरकार के नुमाइंदे आयतुल्लाह मेहदी कुशलक्षेम पूछी

लखनऊ। ऑल इंडिया पर्सनल लॉ बोर्ड के उपाध्यक्ष मौलाना कल्बे सादिक की सेहत में सुधार हो रहा है। दिल्ली के मेदान्ता में भर्ती मौलाना को आईसीयू से वार्ड में शिफ्ट कर दिया गया है। ईरान सरकार के नुमाइंदे आयतुल्लाह मेहदी ने अस्पताल जाकर उनकी कुशलक्षेम पूछी।

डॉक्टर का कहना है कि उनकी हालात में पहले से सुधार है लेकिन पूरी तरह से ठीक होने में वक्त लगेगा। उन्हें कई दिनों तक गुड़गांव के मेदांता अस्पताल में भर्ती रहना होगा। शिया धर्मगुरु मौलाना कल्बे सादिक से मिलने गुरुवार को गृह मंत्री राजनाथ सिंह पहुंचे थे। इस दौरान राजनाथ सिंह के साथ डॉ नरेश त्रेहन भी मौजूद रहे।

मुस्लिम पर्सनल लॉ बोर्ड के उपाध्यक्ष मौलाना डॉ. कल्बे सादिक कुछ दिन पहले बीमार हो गए थे। पेट से जुड़ी बीमारी की वजह से उनको लखनऊ के ग्लोब हॉस्पिटल में भर्ती किया गया था लेकिन तबियत में सुधार न होने की वजह से उन्हें एयर लिफ्ट करके दिल्ली के मेदान्ता अस्पताल में शिफ्ट किया गया। यहां उनकी सर्जरी होगी।